चंडीगढ़। डड्डूमाजरा में शनिवार को उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब मार्केट जा रहे युवक पर कुछ लोगों ने ईंटों से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। इतना ही नहीं बीचबचाव करने पर आरोपियों ने युवक के भाई पर भी पत्थर बरसा दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दोनों भाइयों वीरेंद्र और दलबीर को पीजीआई में भर्ती करवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मलोया थाना पुलिस ने हमलावर सुमित, मनोज और संदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-38 वेस्ट निवासी दलबीर ने पुलिस को शिकायत में बताया कि बीते शनिवार को उसका भाई वीरेंद्र दुकान पर सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि जब वीरेंद्र दुकान के पास पहुंचा तो सुमित और मनोज ने उसका रास्ता रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर बहस करने लगे। इतने में उनका दोस्त संदीप भी आ गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उसके भाई के सिर पर ईंट मारना शुरू कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। भाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वह घर से बाहर आया तो देखा तो सुमित, संदीप और मनोज उस पर हमला कर रहे हैं। इसके बाद वह अपने भाई को बचाने लगा तो आरोपियों ने उसपर भी ईंटों से हमलाकर दिया और गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।