तीन दोस्तों को स्कूटर पर ट्रिपलिंग करना भारी पड़ गया। दो की जान चली गई, वहीं एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा मोरनी ब्लॉक के थापली गांव के पास संतुलन बिगड़ने से हुआ।
हादसा उस समय हुआ जब तीन दोस्त चंडी मंदिर की तरफ से मोरनी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह थापली गांव के पास पहुंचे स्कूटर चला रहे युवक तोषिक संतुलन खो बैठा। इससे वह तीनों सड़क से करीब 50 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरे।
एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक ने पंचकूला जनरल अस्पताल लाने के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे युवक की हालात गंभीर बताई जा रही है। मरने वाले युवकों की पहचान तोषिक (17) निवासी चंडी मंदिर, मनप्रीत (16) निवासी चंडी मंदिर के रूप में हुई है। जबकि घायल बब्लप्रीत सूरजपुर का रहने वाला है।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना सरपंच मामराज और नंबरदार गोपाल सिंह ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम और अस्पताल में दी। दुकानदार गोपाल सिंह ने बताया कि तीनों युवक चेतक स्कूटर (पीबी-11-के0 1208) पर सवार थे। ये चंडी मंदिर की तरफ से आ रहे थे।
जब वह मल्लाह गांव की ओर जाने वाली सड़क पर मुड़ने लगे तो नई सड़क पर संतुलन खो बैठे। इससे स्कूटर सड़क से नीचे बन रहे एक भवन की चारदीवारी में उछलकर लगा, जिसमें एक युवक चारदीवारी में टकराया और दूसरे युवक का सिर पत्थर में जा लगा।
हादसे में युवक तोषिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर थी। लोगों ने बताया कि यहां पर सड़क का मोड़ बेहद कवर है। सड़क किनारे पर संतुलन बिगड़ने की स्थिति में बचाव का कोई भी साधन नहीं है।
अगर यहां पर रेलिंग या दीवार लगी होती तो युवकों की जान बच सकती थी। लोगों ने हादसे के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बचाव के लिए रेलिंग या फिर दीवार बनवाने की मांग की है।