गर्मी से आशा कार्यकर्ता हुई बेहोश।
कंटेनमेंट एरिया में मंगलवार को पीपीई किट पहनकर जांच कर रही दो आशा कार्यकर्ता गर्मी से बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने दोनों को संभाला और तुरंत एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। बता दें कि क्षेत्र में मुंबई से आए दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शहर के अप्रोच रोड रेलवे फाटक और सांगवान अस्पताल तक वार्ड छह को प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
मंगलवार को एरिया के लोगों की जांच के लिए विभाग की चार टीमें पहुंचीं। इन टीमों में आठ कर्मचारी पीपीई किट पहनकर उतरे। दोपहर 12:15 बजे दो आशा वर्कर्स अचानक बेहोश होकर गिर गईं। इस दौरान दोनों आशा वर्कर्स को उलटियां भी आने लगीं। दोनों की हालत बिगड़ने पर साथी कर्मचारियों ने उनकी पीपीई किट भी उतार दी और दोनों को वहां के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया।
यह भी पढ़ें- पिता ने थमाई थी हॉकी, जुनून ने बनाया दुनिया का सितारा, पढ़ें- दिग्गज खिलाड़ी बलबीर सिंह की अनसुनी बातें
उसके बाद सामान्य अस्पताल उकलाना में एंबुलेंस से इनको ले जाया गया। इस बारे में नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र ने बताया कि गर्मी अत्यधिक थी और पीपीई किट के अंदर तापमान और बढ़ गया, जिस कारण ऐसी स्थिति हुई है। अब आशा वर्कर की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।