पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनजीत उर्फ डैनी का महिला के साथ पैसे का लेन देन था। 11 जनवरी को आरोपी मनजीत अपने दोस्त सुनील उर्फ नन्हा के साथ महिला के घर पहुंचा। इस दौरान लेन-देन को कहासुनी होने पर उन्होंने डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे महिला बेहोश हो गई। इसके बाद उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म कर गला घोंट कर हत्या की और फरार हो गए।
हत्या करने के बाद मेरठ स्थित सुनील की ससुराल चले गए दोनों
डीएसपी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी मनजीत ने बताया कि उसने महिला से लाखों रुपये उधार ले रखे थे। आरोपी ने बताया कि महिला उसे बार-बार रुपये लौटाने की बात कहती। इससे वह परेशान रहने लगा। वारदात के दिन भी उससे लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद उसने सुनील के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और सुनील की ससुराल यूपी के मेरठ भाग गए। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को यूपी से दोनों को गिरफ्तार कर रोहतक लाई।