चंडीगढ़। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने लूट की वारदात को तीन घंटे में सुलझाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल, एक चाकू, पर्स और आधार कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों पटियाला निवासी जोबनप्रीत और लुधियाना के दबिंदर सिंह को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
शिकायतकर्ता पंकज (20) ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:15 बजे वह साइकिल पर कालीबाड़ी लाइट पॉइंट के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसे रोक लिया। एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर रख दिया और उसका पर्स छीन लिया जबकि दूसरे आरोपी ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और थप्पड़ मारकर मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता ने बताया कि वह मोटरसाइकिल का नंबर नोट नहीं कर पाया, लेकिन आरोपियों को पहचान सकता है। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद जोबनप्रीत सिंह और दबिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।