चंडीगढ़। पीजीआई प्रबंधन और जॉइंट एक्शन कमेटी के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। लंबित बकाया और अन्य मांगों को लेकर ठेका कर्मियों ने शनिवार को कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने पीजीआई रिहायशी परिसर से सेक्टर-17 प्लाजा तक पैदल मार्च और कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
कमेटी ने आरोप लगाया कि करीब 90 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान में देरी की जा रही है और वार्ता के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। वहीं, 142वें दिन भी चेन हंगर फास्ट जारी रहा जो संस्थान के इतिहास का सबसे लंबा आंदोलन बताया जा रहा है। कर्मचारियों ने विभिन्न श्रेणियों के बकाया, डीसी रेट और सेवा नियमित करने की मांग उठाई। चेतावनी दी गई कि मांगें न मानी गईं तो 11 अप्रैल को रैली और प्रशासन के खिलाफ पुतला दहन किया जाएगा।