चंडीगढ़। ऑपरेशन सेल की टीम ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के दो आरोपियों को मलोया से गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से लाखों का कीमती सामान बरामद किया है। आरोपियों की पहचान मलोया निवासी योगेश शुक्ला उर्फ पंडित (20) और रिंकू उर्फ टुंडा (20) के रूप में हुई है। सोमवार आरोपियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।
बीते 23 जुलाई को इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस को दी शिकायत में पंचकूला सेक्टर-25 निवासी विनोद कुमार ने बताया था किसी ने फेज-1 स्थित उनकी दुकान का ताला तोड़कर एक एलईडी, दो घड़ियां, एक इंडक्शन, पेन स्टैंड, कंप्यूटर समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वहीं सेक्टर-38 निवासी परमजीत सिंह ने बताया था कि उनकी दुकान से एक कूलर, 12 कूलर मोटर्स और स्क्रू ड्राइवर चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद ऑपरेशन सेल को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सामान बेचने जा रहे हैं। सूचना पर एएसआई रमेश कुमार की टीम ने मलोया के बस स्टैंड के पास नाका लगा कर दोनों उक्त आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर कब्जे से एक एलईडी, एक टीवी, एक स्टेप्लाइजर, तीन घड़ियां, एक इंडक्शन, एक एक्सटेंशन बोर्ड, एक कूलर, एक कूलर मोटर, एक हीटर समेत कार बनाने का पुर्जा बरामद किया है। टीम के प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी रिंकू उर्फ टुंडा के खिलाफ अगस्त 2019 में इंडस्ट्रियल एरिया थाना में चोरी के तहत मामला दर्ज है।