चंडीगढ़। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल महिंद्रा पिकअप, दो चोरी के ई-रिक्शा और 10 बैटरियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मौलीजागरां के सुंदर नगर निवासी देसराज उर्फ देसू और रवि कुमार उर्फ पप्पू शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात महिंद्रा पिकअप के साथ ई-रिक्शा को जोड़कर खींचते हुए चोरी कर ले जाते थे ताकि किसी को शक न हो। हल्लोमाजरा के दीप कॉम्प्लेक्स निवासी अर्जुन ने शिकायत दी थी कि 7 मई की रात रामदरबार फेज-2 मंडी ग्राउंड से उसका ई-रिक्शा चोरी हो गया।
मामले की जांच के दौरान सेक्टर-31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल पिकअप, दो ई-रिक्शा और 10 बैटरियां बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार देसराज पिकअप चालक है जबकि रवि मजदूरी करता है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।