चंडीगढ़। रेहड़ी मजदूर से 20 हजार रुपये की स्नैचिंग के मामले में सेक्टर-26 और इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में चार नाबालिगों को भी पकड़ा है। वारदात में कुल नौ आरोपी शामिल थे, जिनमें तीन अभी फरार हैं। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर की तड़के तीन मोटरसाइकिल सवार स्नैचरों ने सेक्टर-29बी निवासी रेहड़ी मजदूर से 20 हजार रुपये छीन लिए थे। वारदात के दौरान दो अन्य मोटरसाइकिलों पर सवार छह साथी भी मौजूद थे। जांच के बाद पुलिस ने 11 सितंबर को मलोया स्मॉल फ्लैट्स निवासी सौरभ उर्फ गोलू (20) और रामचंदर उर्फ हावागन (20) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों का पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। पूछताछ के आधार पर दो बाइक बरामद हुईं।
चार नाबालिगों को सेक्टर-25 स्थित जुवेनाइल होम भेज दिया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।