लुधियाना के दाखा इलाके में शनिवार देर रात एक युवती को बंधक बनाकर 12 युवकों ने दुष्कर्म किया। इस दौरान बदमाशों ने युवती से 14 हजार रुपये, दो अंगूठियां दोनों के पर्स और मोबाइल छीन लिए। उन्होंने युवक को बुरी तरह पीटा और उससे दो लाख रुपये मंगवाने को भी कहा। युवकों ने दोनों की कार का स्टीरियो और स्पीकर्स भी उखाड़ ले गए। पैसे न मिलने पर आखिरकार रात दो बजे वे दोनों को छोड़कर फरार हो गए। रविवार शाम को मुल्लांपुर दाखा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महानगर के पॉश इलाके के युवक- युवती शनिवार रात साढ़े आठ बजे कार में सवार होकर साउथ सिटी की तरफ निकले। कार में खाते पीते और घूमते हुए इस्सेवाल गांव में सुनसान जगह पहुंच गए। वहां दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने ईंटें मारकर उनकी कार के शीशे तोड़ दिए और दोनों को जबर्दस्ती कार से खींचकर बाहर निकाल लिया।
इसके बाद युवक दोनों का अपहरण कर गांव के एक फार्म हाउस में ले गए। वहां पर युवक को बुरी तरह से मारा पीटा। उन्होंने रात साढ़े दस बजे के करीब युवक से कहा कि वह फोन कर दो लाख रुपये मंगवाए। युवक ने अपने एक दोस्त को फोन किया और सारी जानकारी देकर पैसे लेकर आने को कहा। युवक ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान बदमाशों ने अपने सात और साथियों को बुला लिया। वे रात करीब डेढ़ बजे तक युवती के साथ दुष्कर्म करते रहे।