पिहोवा। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति, सास, ससुर व जेठ के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़ित महिला गुरमीत कौर निवासी पिहोवा ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि उसकी शादी 23 जनवरी 2009 को जिला होशियारपुर पंजाब के गांव रोलिया निवासी परमजीत सिंह के साथ हुई थी।
विवाह समारोह के दौरान अभिभावकों ने हैसियत अनुसार दान दहेज दिया था। बावजूद इसके पति परमजीत सिंह, सास सुखविंद्र कौर, ससुर बलविंद्र सिंह व जेठ सरबजीत सिंह उसे मायके से पांच लाख रुपये, कार व सोने की चेन लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे।
जब इसमें असमर्थता जताई तो उक्त लोगों ने कई बार मारपीट भी की। इतना ही नहीं कई बार उन्होंने उसे जान से मारने का प्रयास भी किया। इस बारे कई बार पंचायतें भी हुई, लेकिन वे लोग मांग पर अड़े रहे।
शिकायतकर्ता अनुसार 12 जुलाई 2014 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई और आपबीती फोन पर परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही भाई सुखविंद्र, माता खैर कौर व भांजा गगनदीप उसके ससुराल उसे लेने के लिए आए तो उक्त लोगों ने भी मारपीट की थी। आखिरकार तंग आकर शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने पीड़ित महिला गुरमीत की शिकायत पर पति परमजीत सिंह, सास सुखविंद्र कौर, ससुर बलविंद्र सिंह व जेठ सरबजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।