रेलिंग को तोड़ता हुआ नदी में जा गिरा ट्रक
एक ट्रक शनिवार को सुबह अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ टांगरी नदी में जा गिरा। गनीमत रही कि ट्रक चालक बाल-बाल बच गया।
मौली पुलिस चौकी और बरवाला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह एक ट्रक चालक राम सिंह पुत्र बालक राम, गांव खलियार जिला नालागढ़ साबुन से लोड अपने ट्रक को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-73 पर बरवाला से मौली जा रहा था। जैसे ही वह टांगरी नदी पुल के पास पहुंचा तो ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ नदी में जा गिरा। इस बड़े हादसे में ट्रक चालक राम सिंह बाल-बाल बच गया। जब यह ट्रक टांगरी नदी में गिरा तो नदी में काफी पानी भी था। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने इस घटना की सूचना तुरंत बरवाला और मौली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौली पुलिस चौकी इंचार्ज जोगिंद्र सिंह और बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज भगवान दास घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक ट्रक चालक ट्रक से सुरक्षित ट्रक से बाहर निकल चुका था। उधर क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यहां टांगरी नदी पुल की चौड़ाई बहुत कम होने से पहले भी कई वाहन नदी में गिर चुके हैं। पिछले वर्ष बरसात के दिनों में जब टांगरी नदी उफान पर थी तो उस समय बरवाला की तरफ से स्वामी देवी दयाल संस्थान गोलपुरा की एक विद्यार्थियों से भरी बस इसी जगह पर रेलिंग तोड़ते हुए गिर गई थी। जिससे इस घटना मेें कई विद्यार्थी घायल हो गए थे। क्षेत्र के लोगों ने सरकार व प्रशासन से इस पुल को चौड़ा करने की मांग की है, ताकि यहां पर सड़क हादसों से बचाव हो सके।