प्रशासक ने सभी सरकारी अस्पतालों के साथ चिकित्सा/सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। यह निर्णय लिया गया कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा उपयोग किए जाने वाले अतिरिक्त चिकित्सा उपकरणों की प्राथमितका के तौर पर खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर के अस्पतालों में बेड और दवाइयों की पर्याप्त संख्या है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि जो भी दुकानदार मास्क और सैनिटाइजर आदि की जमाखोरी कर रहा है, उसके खिलाफ सख्ती बरती जाए।
कोरोना को लेकर बनाई जाएगी वेबसाइट
बैठक में यह फैसला लिया गया है कि कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जानकारी देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन एक वेबसाइट तैयार करेगा, जिसे चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से ही चलाया जाएगा। हालांकि इस वेबसाइट पर मोहाली और पंचकूला भी जानकारी मुहैया कराएंगे। प्रशासक को बताया गया कि संदिग्ध मामलों के घरों के बाहर पोस्टर चिपकाने का निर्णय लिया गया ताकि अन्य लोगों के संक्रमित होने के जोखिम को कम किया जा सके। इसने सभी को अधिक जागरूक किया है और यह एक प्रभावी निर्णय के रूप में कार्य कर रहा है।
अफवाहों से बचें, न ही फैलाएं : बदनौर
इसके अलावा रोजाना शाम 4 बजे एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्राइसिटी के अधिकारियों की एक बैठक होगी, जिसमें कोरोना वायरस की तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी। प्रशासक बीपी सिंह बदनौर ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों की तरफ ध्यान न दें, न ही फैलाएं। इस बैठक में पंजाब के चीफ सेक्रेट्री करण अवतार सिंह, एडवाइजर मनोज परीदा, डीजीपी चंडीगढ़, डीजीपी पंजाब, चंडीगढ़ नगर निगम कमिश्नर, डीसी चंडीगढ़, कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से डीसी मोहाली, नगर निगम पंचकूला कमिश्नर और एडीसी पंचकूला शामिल हुए।