चंडीगढ़। ट्राइसिटी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को जहां 11 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया वहीं 399 नए मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों में चार चंडीगढ़, एक पंचकूला और छह मोहाली के रहने वाले थे। वहीं, नए मिले संक्रमितों में 199 चंडीगढ़ के, 104 मोहाली और 104 पंचकूला के हैं। कोरोना से लगातार हो रही मौतें और तेजी से बढ़ रहा संक्रमण प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
चंडीगढ़ में कोरोना से जिन चार मरीजों की मौत हुई, उनमें रामदरबार निवासी 62 वर्षीय वृद्ध की मौत 30 अगस्त को जीएमसीएच-32 में हुई। वह हाइपरटेंशन, डायबिटीज और हाइपोथायरायडिज्म से ग्रस्त थे। वहीं, मनीमाजरा निवासी 50 साल के कोरोना पॉजिटिव मरीज भी हाइपरटेंशन और टाइप टू डायबिटीज का मरीज था जबकि सेक्टर 38 निवासी 50 साल के पुरुष ने 31 अगस्त को जीएमसीएच 32 में इलाज के दौरान दम तोड़ा। उनका टीबी का इलाज भी चल रहा था। सेक्टर-34 के 78 साल के वृद्ध की फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही उसे अन्य गंभीर बीमारियां भी थीं, जिसकी प्रशासन को कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। इसके साथ ही शहर में कोरोना मृतकों की संख्या 56 हो गई है। साथ ही 191 पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 4346 हो गई है। वहीं, अभी 116 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है । कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच सोमवार को भी अलग-अलग अस्पतालों और सेंटरों में भर्ती किए गए 135 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
उधर, मोहाली जिले में 24 घंटे में छह लोगों की मौत के साथ 104 लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना की वजह से अब तक 80 मौतें हो चुकी हैं। मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मोहाली में अब तक 3770 मरीज कोरोना से संक्रमित हुए हैं। जबकि 2053 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, एक्टिव केसों की संख्या 1637 है। सेहत विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को छह लोगों की मौत हुई है। इनमें कुराली की एक 53 वर्षीय महिला शामिल है जो हाइपरटेंशन से पीड़ित थीं, जिनकी मौत पीजीआई में हुई है। सेक्टर-71 निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की जीएमसीएच-32, बलटाना के 49 वर्षीय व्यक्ति की जीएमसीएच-32 व बलटाना की 88 साल की महिला की मौत हुई है जो हाइपरटेंशन से ग्रसित थीं। वहीं, माजरी में 20 साल के युवक की पीजीआई व जीरकपुर के 51 साल के व्यक्ति की ग्रेशियन अस्पताल के अलावा जीरकपुर में 92 साल का व्यक्ति जो हाइपरटेंशन व शुगर से पीड़ित था, कि ईडन चंडीगढ़ में मौत हुई है। इस दौरान मोहाली व आसपास के क्षेत्र में 27, खरड़ में 10, ब्लॉक घंडूआं में 15, कुराली क्षेत्र में 14, ढकोली में 24, डेराबस्सी में 11 व लालडू के आसपास के क्षेत्र में तीन लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। जबकि 87 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं।
पंचकूला में मिले 104 नए संक्रमित
पंचकूला। कोरोना से संक्रमित पिंजौर निवासी 26 वर्षीय युवती की सेक्टर-6 सिविल अस्पताल सोमवार को में मौत हो गई है। वह शुगर से भी पीड़ित थी। इस दौरान 104 नए संक्रमित मिले हैं। अभी तक पंचकूला में 14 मामले अनट्रेस हैं, जिन्हें ट्रेस करने में विभागीय टीम पूरी तरह से जुटी हुई है। इसकी पुष्टि पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने की है। उन्होंने बताया कि पंचकूला के कुल 78 मामले सामने आए हैं। इसमें बाहर के 12 जबकि 21 मामले विदेश से आने वाले लोगों के हैं।
पंचकूला में इसमें सेक्टर-4, 12ए और 17 में तीन-तीन, सेक्टर-10 व 15 में पांच-पांच, सेक्टर-21 में 6, सेक्टर-7 और 19 में 4-4, सेक्टर-16 में 8 मामले पॉजिटिव मिले हैं। इसी प्रकार जिले के गांव नानकपुर में 3, पुराना पंचकूला में 6, सुरजपुर और रायपुररानी में 2-2, पिंजौर में 4, कालका में 14, राजीव कॉलोनी, सेक्टर-9, 14, 26 में एक-एक मामला पॉजिटिव मिला है। इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट किया जा रहा है।
डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि पंचकूला में आए अनट्रेस मामलों को लेकर सिविल अस्पताल सजग है। इनको ट्रेस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पचंकूला के जिन मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है, उनको अस्पताल और कोविड सेंटरों में रखा गया है। इसका उद्देश्य यह है कि इनका ठीक ढंग से इलाज किया जा सके। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन को लेकर भी गाइड लाइन पहले ही जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।