सारागढ़ी के शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए मुख्य अतिथि बलवीर सिंह सिद्धू ने कहा कि पूरे विश्व में इस तरह की बहादुरी की मिसाल कहीं भी देखने को नहीं मिलती। जहां सिर्फ 21 जवानों ने दुश्मन दल की 10 हजार की तादाद वाली टुकड़ी का इतनी बहादुरी से मुकाबला किया हो। ये लड़ाई न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया की ऐतिहासिक लड़ाइयों के इतिहास में सुनहरी अक्षरों में दर्ज है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सारागढ़ी की लड़ाई में शहीद हुए 21 जांबाजों के वारिसों को सम्मानित किया। इसके बाद कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के पारिवारिक सदस्यों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि लोगों को बेहतरीन सेहत सेवाएं मुहैया करवाने के लिए कैप्टन सरकार वचनबद्ध है और इस कार्य के लिए फंड्स की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने फिरोजपुर सिविल अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड और गायनी वार्ड के आधुनिकीकरण को लेकर किए गए जिला प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बाकी सभी वार्डों को भी नए सिरे से तैयार करके फिरोजपुर को मॉडल सिविल अस्पताल दिया जाएगा।
इसके अलावा सरकार की तरफ से डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए उच्च स्तर के प्रयास चल रहे हैं और जल्द ही सर्जन और अन्य माहिर डॉक्टरों की कमी दूर कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर में पीजीआई सेंटर को लेकर राज्य सरकार की तरफ से सारी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। पिछली सरकार की अनदेखी के कारण इस कार्य में देरी हो गई लेकिन जल्द ही फिरोजपुर को पीजीआई सेंटर शुरू करवा दिया जाएगा।
केंद्र सरकार की तरफ से मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन के बाद बढ़ाए गए ट्रैफिक जुर्मानों पर सेहत मंत्री ने कहा कि ये मुद्दा काफी गंभीर है और इस पर पूरी तरह से सोच-विचार करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। सरकार जल्दबाजी में कोई भी एक तरफा फैसला नहीं लेगी। सेहत मंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों की तरफ से जन-हितैषी स्कीमों को लेकर लगाई गई प्रदर्शनियों का दौरा किया और अधिकारियों को इन स्कीमों का लाभ हर नागरिक तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर विधायक कुलबीर सिंह जीरा, सारागढ़ी मैमोरियल ट्रस्ट के चेयरमैन मेजर जनरल अमित लूंबा, डिवीजनल कमिश्नर सुमेर सिंह गुर्जर, आईजी बी. चंद्रशेखर, एसएसपी फिरोजपुर विवेक एस. सोनी समेत सिविल, पुलिस-प्रशासन और आर्मी के कई अधिकारी मौजूद थे।