पंजाब विश्वविद्यालय के शैक्षिक नेतृत्व और शिक्षा प्रबंधन केंद्र यानी कैलम ने शिक्षकों के लिए ऑनलाइन मूक कोर्स का आयोजन किया। ऑनलाइन तरीकों से ही 14 विश्वविद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन 81 शिक्षकों ने इसका लाभ उठाया। दिल्ली में बैठे विशेषज्ञों ने यह प्रशिक्षण दिया और शिक्षकों की काफी हद तक समस्याएं कम हुईं।
इस प्रशिक्षण का शुभारंभ वीसी प्रो. राजकुमार ने किया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए ऑनलाइन पढ़ाई पर ध्यान दिया जा रहा है। पीयू पूरी तरह अब ऑनलाइन मोड में है। कैलम की ओर से शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण का आयोजन कारगर होगा।
उन्होंने सभी शिक्षकों से कहा कि इस समय उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। अन्य विश्वविद्यालयों के शिक्षकों को भी कई जानकारियां दीं। आईसीटी के प्रमुख प्रो. के श्रीनिवास ने सरकार की डिजिटल पहल को सामने रखा और फायदे बताए। मूक पाठ्यक्रम विकसित करने के टिप्स दिए। इस दौरान सभी शिक्षकों की ओर से पूछे गए प्रश्नों के जवाब दिए गए। प्रशिक्षण का संचालन कर रहे प्रो. जतिंदर ग्रोवर, मूक कोर्स समन्वयक डॉ. विशाल शर्मा आदि मौजूद रहे।