रेवाड़ी जंक्शन पर पटरी से उतरी मालगाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के रेवाड़ी में आज एक मालगाड़ी सिग्नल तोड़ती हुई पटरी से उतर गई तो रेलवे अधिकारियों में अफरा तफरी मच गई। रेवाड़ी जंक्शन पर हुए इस हादसे में पटरियां भी उखड़ गई। हालांकि इस घटना में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई है।
फिलहाल रेलवे के आला अधिकारी और पुलिस मौके पर मौजूद है। साथ ही मालगाड़ी को फिर से पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी सीमेंट से भरी है और मालपुर से दिल्ली जा रही थी। दूसरी ओर, रेवाड़ी एशिया के सबसे बड़े रेलवे स्टेशनों में शुमार रहा है और बहरहाल 6 लाइनों के इस रेलवे जंक्शन से प्रतिदिन 125 से अधिक ट्रेनों का आवागमन यहां से होता है।
ऐसे में अचानक ये हादसा हो जाने से आवागमन काफी प्रभावित हो गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ड्राइवर की लापरवाही के कारण मालगाड़ी सिग्नल तोड़कर आगे बढ़ी। अभी घटना की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि यह गाड़ी यार्ड लाइन पर थी, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।