ड्रंकन ड्राइव के नाके पर खुद को हरियाणा के सीएम का स्टॉफ बताकर एक व्यक्ति ट्रैफिक इंस्पेक्टर मलकीत सिंह पर रौब झाड़ने लगा। नाके पर जब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने वाहन चालक से एल्कोमीटर में फूंक मारने लिए बोला तो उसने रौब झाड़ते हुए कहा कि ‘जानता नहीं मैनूं... वर्दी उतरवा दूंगा तेरी’।
गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। हालांकि ट्रैफिक पुलिस टाटा सूमो का चालान काटकर वाहन को इंपाउंड कर दिया। शनिवार रात ट्रैफिक इंस्पेक्टर मलकीत सिंह की अगुवाई में रेलवे लाइट प्वाइंट के पास ड्रंकन ड्राइव का नाका लगा था। इस दौरान ट्रैफिक मार्शल एमएम खान समेत अन्य ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर तैनात थे और वहां से गुजरने वाले वाहनों को चेक कर रहे थे।
तभी रेलवे लाइटों की तरफ से एक टाटा सूमो तेज रफ्तार से गुजर रही थी। नाके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय उसकी स्पीड और ज्यादा बढ़ा दी। इसके बाद उसे नाके पर बैरिकेड लगाकर रोक लिया गया।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर मलकीत सिंह ने वाहन चालक को गाड़ी से नीचे उतरने को कहा तो चालक ने बाहर आने की बजाय खुद को हरियाणा के सीएम का स्टॉफ बताकर रौब झाड़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
किसी तरह चालक से एल्कोमीटर फूंक मरवाया गया तो उसने 284.4 एमजी शराब का सेवन किया हुआ था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटकर गाड़ी को कब्जे में ले लिया। ट्रैफिक पुलिस की जांच में सामने आया कि चालक हरियाणा डीपीआर में तैनात है।