सीबीएम अध्यक्ष संजीव चड्ढा और चेयरमैन चरणजीव सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने अपनी बात रखी। बैठक के दौरान सीबीएम ने एक ज्ञापन सौंपा जिसमें शहर के प्रमुख बाजारों की स्थिति सुधारने की जरूरत पर जोर दिया गया। व्यापारियों का कहना था कि अवैध वेंडरों के कारण दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पार्किंग सुविधा के अभाव से बाजारों में कारोबार प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा व्यावसायिक भवनों के लिए वन टाइम सेटलमेंट को आगे बढ़ाने और लंबित प्रॉपर्टी टैक्स के मामलों के निस्तारण पर बात की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इन मुद्दों के समाधान से व्यापारिक माहौल बेहतर होगा। संयुक्त आयुक्त डॉ. इंदरजीत ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि बाजारों के सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सीबीएम के साथ जल्द बैठक बुलाने का आश्वासन दिया ताकि सभी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर समाधान निकाला जा सके।