नयागांव। व्यापारियों और दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से पंजाब ट्रेडर्स कमीशन की ओर से नयागांव के मेन बाजार में जन संवाद बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला ट्रेडर्स कमीशन, मोहाली के चेयरमैन रणजीत पाल सिंह ने की। इस दौरान वाइस चेयरमैन तरलोचन सिंह बैदवान और खरड़ विधानसभा ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन यशपाल बंसल सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
बैठक में राज्य कर विभाग, नगर परिषद खरड़, खाद्य आपूर्ति, राजस्व, स्वास्थ्य, श्रम, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और जल आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर अपनी शिकायतें और सुझाव लिखित रूप में सौंपे। संबंधित विभागों को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश भी दिए गए। चेयरमैन रणजीत पाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार व्यापारियों के लिए पारदर्शी और अनुकूल माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों का समाधान चार सप्ताह के भीतर किया जाएगा।