देश के कई राज्यों में तबाही मचा रहे चक्रवाती तूफान ताउते का असर चंडीगढ़ में भी दिखेगा। इसके प्रभाव से 18 से 20 मई तक मौसम में बदलाव नजर आएगा। पूरे ट्राइसिटी में 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 19 मई को बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम के इस बदले मिजाज से एक बार फिर लोगों को गर्मी से राहत मिल जाएगी। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि ताउते के आगे बढ़ने पर इस क्षेत्र में एक सर्कुलेशन बनेगा, जिसके प्रभाव से उत्तर भारत के इलाकों में बारिश होगी। तेज हवाएं चलने के साथ बादल गरज सकते हैं।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। बीते 24 घंटे में पूरे ट्राइसिटी में कहीं भी बारिश नहीं हुई है। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 67 और न्यूनतम 21 फीसदी रहा।
सोमवार को भी तापमान बढ़ेगा। तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। बुधवार को तेज बारिश की संभावना है। इस दिन 40 एमएम के आसपास बारिश रिकार्ड की जा सकती है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रिकार्ड होगा।