फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा: 6 हॉट सीटों पर कांटेदार टक्कर

Tue, 30 Sep 2014 11:55 AM IST
प्रवीण पाण्डेय/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
चुनावी जंग में जीत हासिल करने के लिए प्रचार वार तेज हो गया है। सभी दलों के दिग्गज नेता जीत के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं। विरोधियों का मात देने और अपनी गोटी लाल करने में सभी दलों के प्रत्याशियों ने वोटरों की लामबंदी तेज कर दी है।
विज्ञापन


शह और मात के इस खेल में बाजी किसके हाथ लगेगी यह तो वक्त ही बताएगा लेकिन मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। हरियाणा की 6 ऐसी सीटें हैं जहां दिग्गज नेता अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।

करनाल : सबकी नजरें
भाजपा के संगठन मंत्री मनोहर लाल खट्टर यहां से भाजपा के टिकट पर ताल ठोक रहे हैं। जीटी रोड बेल्ट की पंजाबी बहल इस सीट पर सभी दलों की नजरे हैं। कांग्रेस ने यहां से सुरेंद्र नरवाल, इनेलो से मनोज वधवा और हजकां से तेजपाल गर्ग को मैदान में उतारा है। खट्टर भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।
विज्ञापन

कैथल : रोचक मुकाबले के आसार

कांग्रेस के कद्दावर नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला एक बार फिर से कैथल सीट से ताल ठोक रहे हैं। भाजपा ने यहां से राव सुरेंद्र सिंह और इनेलो ने कैलाश भगत को उतारा है। हजकां ने जगन गुज्जर को टिकट दिया है। अब कैथल की जनता तय करेगी कि यहां से किसकी ताजपोशी की जाए। इस बार रोचक मुकाबले के आसार हैं।

सिरसा : दमखम की परीक्षा
इनेलो का गढ़ माने जाने वाली इस सीट पर भाजपा के टिकट पर सुनीता सेतिया मैदान में हैं। इसके अलावा कांग्रेस से नवीन, इनेलो से मक्खनलाल मैदान में हैं। सिरसा शहर सीट पर पंजाबी समाज का कब्जा रहा है। यहां से कांग्रेस के दिज्गज नेता रहे लक्ष्मण दास अरोड़ा की पुत्री सुनीता सेतिया भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। हरियाणा लोकहित पार्टी सुप्रीमो गोपाल कांडा यहां से मौजूदा विधायक है। इनेलो भी इस सीट को हथियाने की फिराक में है।

अंबाला शहर में वजूद का सवाल

बीते दो चुनाव से अंबाला शहर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतते आ रहे पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की इस सीट पर अग्निपरीक्षा है। इस बार वे अपनी पार्टी हरियाणा जनचेतना से मैदान में हैं। उनके मुकाबले कांग्रेस ने यहां से हिम्मत सिंह और भाजपा ने असीम गोयल को टिकट दिया है। इस सीट पर शिरोमणि अकाली दल की भी नजर है। अकाली दल ने यहां से बलविंदर सिंह पूनिया को मैदान उतारा है।

हिसार: दांव पर प्रतिष्ठा
हिसार से सावित्री जिंदल कांग्रेस से उम्मीदवार हैं।  भाजपा से कमल गुप्ता और इनेलो से भीम महाजन उम्मीदवार हैं। जिंदल ग्रुप की चेयरमैन सावित्री जिंदल पिछले दो चुनाव से हिसार सीट का प्रतिनिधित्व कर रही है।

इस सीट पर जिंदल परिवार का लंबे समय से कब्जा है। स्व. ओपी. जिंदल यहां से विधायक और मंत्री बने थे। इस सीट पर एक बार फिर जिंदल परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर है।
विज्ञापन

नारनौंद : कड़ी टक्कर

कांग्रेस से राजबीर सिंह, भाजपा से कैप्टन अभिमन्यु और इनेलो से राजसिंह मोर चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। कैप्टन भाजपा में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार भी हैं। वह पिछला चुनाव हार गए थे। इस सीट पर कांग्रेस और इनेलो के बीच मुकाबला होता रहा है।

बीते चुनाव में यहां से इनेलो ने जीत दर्ज की थी। इस बार यह सीट बेहद खास इसीलिए है कि यदि कैप्टन अभिमन्यु चुनाव जीतते हैं तो उनकी पहली शुरुआत होगी। कैप्टन को घेरने के लिए इनेलो, कांग्रेस और हजकां भी पूरी तैयारी में हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें