चंडीगढ़। तिरंगा पार्क में सेना के अत्याधुनिक उपकरणों और हथियारों को देखने के लिए लगाई गई प्रदर्शनी के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान विशाल स्क्रीन पर 1965 के भारत-पाक युद्ध की गौरवगाथा दिखाई गई, जिसने लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।
बड़ों और बच्चों में हथियारों व उपकरणों को देखने का खासा उत्साह रहा। जवानों और अफसरों ने आगंतुकों को ऑपरेशन सिंदूर और सेना की नई ड्रोन प्रणाली के बारे में जानकारी दी। प्रदर्शनी में रखे विभिन्न ड्रोन सेना की यूनिटों द्वारा खुद तैयार किए गए थे। आर्मी बैंड की देशभक्ति धुनों ने वातावरण को और भी जोशीला बना दिया। प्रदर्शनी में पहुंचे युवाओं व किशोरों को सेना में भर्ती होने के लिए भी प्रेरित किया गया। वहीं, हथियारों और उपकरणों के साथ फोटो खिंचवाने का क्रेज भी लोगों में खूब दिखा।