स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश को कोरोना से बचाने के लिए दवाई और कड़ाई दोनों काम एक साथ करने पड़ेंगे। फतेहाबाद, जींद, महेंद्रगढ़ और पलवल समेत कुछ जिलों मे कोरोना जांच बहुत कम हो रही है। यहां जांच और टीकाकरण में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि निगरानी हो रही है कि कौन से जिलों में अधिकारी सही से जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसका डाटा रोज आता है। विज ने कहा कि वैक्सीन का स्टॉक पूरा है। आइसोलेशन वार्ड, मास्क, दवाइयों की भी कोई कमी नहीं है।
संक्रमण दर 4.65 प्रतिशत, रिकवरी दर 97.31 प्रतिशत
हरियाणा में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहीं, शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में एक मरीज की मौत हो गई। प्रदेश में संक्रमण से अब तक 3090 मौतें हो चुकी हैं। अभी 75 मरीजों की हालत गंभीर हैं। इनमें से 62 ऑक्सीजन सपोर्ट और 13 वेंटिलेटर पर हैं। इस समय मरीजों के ठीक होने की दर 97.31 प्रतिशत और संक्रमण दर 4.65 प्रतिशत है।
वहीं, शुक्रवार को 57510 लोगों ने कोरोना का पहला टीका, जबकि 3434 ने दूसरा टीका लगवाया है। शुक्रवार को गुरुग्राम में सबसे अधिक 184, पंचकूला में 166 और करनाल में 114 मामले सामने आए। अंबाला में 88, कुरुक्षेत्र में 85, यमुनानगर में 59 और फरीदाबाद में 34 केस मिले हैं। नूंह, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और पलवल में कोई नया मामला नहीं मिला है। शेष जिलों में 30 से नीचे केस हैं।