फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में बढ़ा संक्रमण : 208 नए पॉजिटिव मिले, एक मरीज की मौत, ये पांच इलाके कंटेनमेंट जोन घोषित

Mon, 22 Mar 2021 11:30 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोरोना वायरस (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

चंडीगढ़ में सोमवार को कोरोना के 208 नए संक्रमित मिले, जबकि एक मरीज की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 1840 संदिग्धों के नमूने लिए, जिसमें से 129 की रिपोर्ट आनी बाकी है। शहर में सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 1979 हो गई है। वहीं, एकांतवास में रखे गए 100 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी होने पर छुट्टी दे दी गई। सारंगपुर के रहने वाले 45 साल के पुरुष की मोहाली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 

विज्ञापन


वह कोरोना संक्रमित होने के साथ लीवर की गंभीर बीमारी से ग्रस्त था। कोरोना से मरने वालों की संख्या 363 पर पहुंच गई है। एक दिन की राहत के बाद मनीमाजरा से फिर सबसे ज्यादा 17 पॉजिटिव केस मिले। वहीं, सेक्टर-45 में 11, सेक्टर-44 में 10, सेक्टर-34 और 30 में 8-8, सेक्टर-15 में 13, सेक्टर-8 में 7 केस मिले हैं। शहर में संक्रमितों की संख्या 24667 पर पहुंच गई है। 

स्कूलों में 322 लोगों की जांच, चार संक्रमित मिले
स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूलों में की जा रही कोरोना जांच में सोमवार को चार स्कूलों में चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सेक्टर-50 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ कॉमर्स में की गई 70 लोगों की जांच में एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-44बी, 52 और 46 में 252 लोगों की जांच की गई, जिसमें तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

विज्ञापन

अब एक्सईएन मिले कोरोना संक्रमित

नगर निगम के एक्सईएन विजय प्रेमी भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। रविवार शाम को विजय प्रेमी और उनकी पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें घर में क्वारंटीन किया गया। इससे पहले चीफ इंजीनियर शैलेंद्र सिंह व उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। विजय प्रेमी कोरोना टीके की पहली खुराक लगवा चुके हैं।

उन्हें 23 मार्च को दूसरी खुराक लगनी थी। संक्रमित मिलने के बाद अब उन्हें दूसरी खुराक नहीं दी जाएगी। बता दें कि चीफ इंजीनियर भी कोरोना टीके की दोनों खुराक लगवाने के बाद संक्रमित मिले थे। वहीं, टीके की पहली खुराक लगवाने के अगले ही दिन एक्सईएन अजय गर्ग कोरोना संक्रमित मिले थे।

प्रशासन ने बनाए पांच नए कंटेनमेंट जोन
यूटी प्रशासन ने सोमवार को पांच नए कंटेनमेंट जोन बनाए हैं। इन इलाकों में किसी के भी आने-जाने पर रोक रहेगी। यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा की ओर से जारी आदेश के अनुसार सेक्टर-34बी के मकान नंबर-1113 और 1114, सेक्टर-38डी के 3044 से 3046, सेक्टर-46 के 1129 से 1132, सेक्टर-49बी के 1121 से 1125 और सेक्टर-63 के मकान नंबर-2009डी से 2012डी, 2009ई से 2012ई तक को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। इन इलाकों में अनिवार्य सेवाओं में लगे लोगों को छोड़ अन्य किसी के भी जाने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा लोगों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। 
विज्ञापन

अब 4 से 8 हफ्ते में लगवाएं दूसरा टीका

केंद्र सरकार ने कोरोना टीके की दूसरी खुराक की समय सीमा में संशोधन कर दिया है। अब लाभार्थी 4 से 8 हफ्ते के बीच टीके की दूसरी खुराक लगवा सकते हैं। इससे पहले चार से छह हफ्ते के बीच दूसरी खुराक लेने का निर्देश था। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि केंद्रीय सचिव राजेश भूषण ने 22 मार्च को सभी प्रदेशों के स्वास्थ्य निदेशकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि नए अध्ययन से यह साबित हुआ है कि टीके की दूसरी खुराक चार से 8 हफ्ते के बीच कभी भी लगवाई जा सकती है।

51 केंद्रों पर 1889 को लगाया गया टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान में सोमवार को शहर के 51 केंद्रों पर 1889 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। इसमें 162 स्वास्थ्य कर्मियों ने पहली खुराक व 225 ने दूसरी खुराक लगवाई। वहीं, अग्रिम पंक्ति के 161 कर्मचारियों ने पहली व 282 ने दूसरी खुराक ली, जबकि 45 से 60 साल के बीच के 167 गंभीर मरीजों ने कोरोना का पहला टीका लगवाया। वहीं, 60 साल से ज्यादा उम्र के 892 लाभार्थियों को कोरोना टीके की पहली खुराक लगाई गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें