जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना थानेसर, पिहोवा एवं शाहाबाद में होगी। मतगणना कार्य शांतिपूर्ण और पारदर्शी हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
गौरतलब है कि अग्रसेन पब्लिक स्कूल सेक्टर-13, टैगोर पब्लिक स्कूल पिहोवा व आर्य कन्या कॉलेज शाहबाद में मतगणना केंद्र बनाए हैं।
तीनों केंद्रों पर मतगणना का कार्य सुबह 8 बजे शुरू होगा। जहां अधिकृत व्यक्ति को ही प्रवेश कर सकेंगे। इसके लिए थानेसर विधानसभा क्षेत्र के केंद्रीय पर्यवेक्षक एमटोबी कांता, पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के केंद्रीय पर्यवेक्षक मनोज कुमार ढेका, लाडवा विधानसभा क्षेत्र के केंद्रीय पर्यवेक्षक श्रीकांता परुस्टी, शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के केंद्रीय पर्यवेक्षक वी राठीसन भी मौजूद रहेंगे।
सभी मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नजर रहेगी। इसके अलावा प्रत्येक मतगणना टेबल पर माईक्रों आब्जर्वर की नियुक्ति की गई हैं।
जिला पुलिस ने पैट्रोलिंग एवं पीसीआर टीमें भी मतगणना केंद्र के बाहर मुस्तैद की हैं। विधानसभा क्षेत्र के मतगणना कक्ष में कैमरे की व्यवस्था की जाएगी।
जिला के सभी ठेकेदारों को शराब के ठेके बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना केंद्रों के पास मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं डीसी की ओर से यहां धारा-144 लगाने के आदेश दिए गए हैं।
किस विधानसभा में कितने मतों की होगी गणना
निर्वाचन अधिकारी निखिल गजराज नेकहा कि चुनाव में कुरुक्षेत्र में कुल पंजीकृत वोटों की संख्या 6 लाख 43 हजार 107 में से पांच लाख 18 हजार 603 लोगों ने वोट डाले।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 37 हजार 240 लोगों ने (83.06 प्रतिशत) मत का प्रयोग किया। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 22 हजार 851 (83.34 प्रतिशत) लोगों ने मत का प्रयोग किया।
थानेसर विस क्षेत्र में एक लाख 28 हजार 312 (75.42) ने वोट डाले। पिहोवा विस क्षेत्र में एक लाख 30 हजार 200 (81.19) ने वोट डाले।
तीनों मतगणना केन्द्रों के बाहर लगेंगे 24 नाके
सुरक्षा इंसपैक्टर निर्मल कुमार का कहना है कि पुलिस अधीक्षक अश्विनी शैणवी के दिशा-निर्देशनुसार अग्रसेन पब्लिक स्कूल, टैगोर पब्लिक स्कूल पिहोवा, शाहाबाद आर्य कन्या कालेज के मतगणना केंद्रों के चारों तरफ 24 पुलिस नाके लगाए गए है।
थ्री टायर सुरक्षा व्यवस्था के तहत आईटीबीपी, आईआरबी, सीआरपीएफ जवानों की नियुक्ति मतगणना केंद्र के अंदर की गई हैं। आउटर एरिया में लोकल पुलिस के अधिकारी नियुक्त किए हैं।
सभी जगहों पर मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई है। मतगणना केंद्रों पर पेट्रोलिंग पार्टी और प्रत्येक केंद्र पर एक पीसीआर पार्टी भी नियुक्त की गई हैं।
एक एएसपी, चार डीएसपी सहित करीब 850 से भी ज्यादा जवानों की नियुक्ति की है। मतगणना केंद्र के कार्यों को प्रभावी तरीके से कराने के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
यें हैं मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार
अग्रसेन पब्लिक स्कूल सेक्टर 13 मतगणना केंद्र में अधिकारियों, मीडिया कर्मियों, काउंटिंग एजेंट व प्रत्याशियों के प्रवेश करने के लिए भी प्रशासन ने व्यवस्था की है।
सुरक्षा, व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र में टेलीफोन एक्सचेंज के पास प्रवेश द्वार से अधिकारियों और मीडिया कर्मियों की एंट्री होगी।