पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल के 25 पदों के लिए गुरुवार को चंडीगढ़ जिला अदालत और हाईकोर्ट में वोट डाले जाएंगे। चुनाव अधिकारी गुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कुल 25 प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए 107 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जिनमें से 17 उम्मीदवारों के खिलाफ मामूली शिकायतें हैं। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ जिला अदालत तथा हाईकोर्ट के वकीलों के लिए मतदान 1 नवंबर को रखा गया है जबकि पंजाब और हरियाणा में यह 2 नवंबर को होगा।
चुनाव को निष्पक्ष तरीके से पूर्ण करने के लिए पंजाब में चुनाव विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। जबकि हरियाणा में राजस्व विभाग के अधिकारी इस चुनाव को पूरा करवाएंगे। चंडीगढ़ में भी पंजाब चुनाव विभाग चुनाव संपन्न करवाएगा। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 नवंबर को बैलेट बॉक्स हाईकोर्ट के स्ट्रांग रूम में रख दिए जाएंगे।
सुरक्षा के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट प्रशासन को पहले ही निर्देश जारी कर चुका है। इस चुनाव में हरियाणा पंजाब चंडीगढ़ के कुल 61400 मतदाता वकील हिस्सा लेंगे। 12 नवंबर से मत गणना शुरू हो जाएगी और 3 से 4 सप्ताह में अंतिम परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।