नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के हुक्म पर स्थानीय प्रशासन ने उद्योगों को बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। 57 में से 27 के करीब उद्योगों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। इनमें नेक्टर लाइफ साइंस का यूनिट-2 व फेडरल मीट प्लांट भी शामिल हैं। पावरकॉम की इस कार्रवाई के साथ स्थानीय उद्यमियों के हाथ-पांव फूल गए हैं। इनकी ओर से अपने बचाव में इस फैसले के खिलाफ पटीशन दाखिल करके इस मामले की पैरवी करने का दावा भी किया गया है। इलाके में इन उद्योगों की ओर से प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के नियमों की अनदेखी करते खुलेआम फैलाए जा रहे प्रदूषण के खिलाफ गांव इस्सापुर निवासी नंबरदार करनैल सिंह सहित अन्य गांव वासियों ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में पटीशन दाखिल करते हुए मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
इस पर सुनवाई करते ट्रिब्यूनल ने केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को डेराबस्सी क्षेत्र के उद्योगों की जांच करने के हुक्म दिए था। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की टीम ने 101 उद्योगों की जांच की गई थी, जिनमें से 57 उद्योग नियमों की अनदेखी कर प्रदूषण फैलाते पाए गए। इस रिपोर्ट के आधार पर एनजीटी ने मामले की बीते दिनों तारीख पर सुनवाई करते पंजाब सरकार को उक्त सभी उद्योग बंद करने के हुक्म सुनाए थे। इस पर कार्रवाई करते मंगलवार को पावरकॉम ने उक्त उद्योगों के बिजली कनेक्शन काटने शुरू करने की मुहिम आरंभ कर दी है। पावरकॉम की दो अलग अलग डिवीजनों की ओर से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। जबकि बाकी उद्योगों पर आज कार्रवाई की जाएगी।
लोग हो रहे थे बीमारियों के शिकार
बात करने पर पटीशनर करनैल सिंह व हरदित सिंह काला ने कहा कि यहां स्थित उद्योगों की ओर से फैलाए जाते प्रदूषण के कारण इलाके के लोग भयानक बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। बीते समय से यहां कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी और चमड़ी, सांस व अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों की गिनती बढ़ती जा रही है। प्रदूषण के कारण इलाके का वातावरण पूरी तरह खराब हो चुका है वहीं धरती के नीचे व यहां से गुजरते नदी नालों का पानी भी पूरी तरह प्रदूषित हो चुका है। उनकी ओर से स्थानीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को बार बार शिकायत करने पर उन्होंने कोई कार्रवाई नही की। जिसके चलते उनकी ओर से एनजीटी का दरवाजा खड़काना पड़ा।
पावरकॉम सैदपुरा के एसडीओ सुरिंदपाल सिंह ने कहा कि उनकी ओर से अपने क्षेत्र के तीन उद्योगों के कनेक्शन काटे गए हैं। जबकि मुबारिकपुर एसडीओ अवतार सिंह ने कहा कि उनके क्षेत्र में पड़ते फोकल प्वाइंट में पड़ते 24 उद्योगों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि सूची में शामिल बाकी उद्योगों के कनेक्शन आज काटे जाएंगे। इनमें नेक्टर लाइफ साइंस यूनिट 2, फेडरल मीट प्लांट, बुद्धीराजा पोलीमरज प्राइवेट लिमिटेड, ऐकसिस इंडस्ट्री, ग्रेवाल पंप एंड मशीनरी, पटियाला पैकर्स व महिंद्रू बर्फ फैक्ट्री मुख्य तौर पर शामिल हैं।