मेम कांड से मशहूर रायकोट के साथ लगते गांव में चलते-फिरते मैरिज ब्यूरो वाले भोले-भाले लोगों को ब्लैकमेल कर रहे हैं। नजदीकी गांव छापा का नौजवान एक विदेशी लड़की की ठगी का शिकार बन रायकोट के अस्पताल पहुंचा है।
युवक की मां जसविंदर कौर ने बताया कि उनका बेटा गुरप्रीत सिंह बब्बी विदेश जाना चाहता था। उसे विदेश के रिश्ते आने लगे और उसका रिश्ता फुल्लावाल की रहने वाली पूनमप्रीत कौर के साथ जुलाई 2016 को होना तय हो गया। 22 जुलाई को दोनों की शादी हुई और गुरुद्वारा बगीची साहिब में आनंद कारज हो गया। उसी दिन लड़की ने हंगामा कर दिया कि उसे डाले गए गहने उसी के हवाले किए जाएं। इसपर परिवार को संदेह हुआ।
इसके बाद उसी रात 12 बजे के करीब विवाहिता ने फिर हंगामा खड़ा कर दिया कि उसे विदेश जाना है। दुखी होकर परिवार ने थाना ठुलीवाल में जानकारी दी। पुलिस ने लड़की के बयान कलमबंद किए। लड़की का कहना था कि वह इस घर में नहीं रहना चाहती।
पीड़ित परिवार ने बताया कि विवाहिता लड़की अब तक उनसे दो लाख रुपये और शादी वाले दिन एक लाख रुपये ले गई। वह उनके बेटे को विदेश नहीं ले जाना चाहती थी। उन्होंने पुलिस के पास इसकी शिकायत दी तो लड़की ने उन्हें धमकियां देनी शुरू कर दी। इसके बाद युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने उसकी हालत को देखकर उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया। उन्होंने एसएसपी बरनाला से मांग की कि लड़की के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें इंसाफ दिलाया जाए।