चंडीगढ़। दड़वा में शनिवार को दिनदहाड़े महिला की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान पुरानी रंजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 28 वर्षीय आरोपी विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका के बच्चों द्वारा शोर मचाने और खेलते समय गेंद दरवाजे पर लगने को लेकर कई बार कहासुनी हो चुकी थी। उसने आरोप लगाया कि महिला उसे बेरोजगार कहकर ताने मारती थी, जिससे वह अंदर ही अंदर गुस्सा पाल बैठा था। वारदात वाले दिन महिला घर में अकेली थी। आरोपी छत के रास्ते घर में घुसा, कमरे की कुंडी बंद कर कुकर और तवे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस ने खून से सने कुकर और तवा बरामद कर लिया है।
पोस्टमार्टम में महिला के सिर के पास कान के नीचे और ऊपर गहरी चोटें व हाथ पर दो चोट के निशान मिले हैं। डॉक्टरों ने सिर में लगी गंभीर चोट को मौत का कारण बताया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को आएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।