अंगूठे के इंप्रैशन आधार कार्ड बनवाने के दौरान लिए इंप्रैशन से मैच नहीं होने के कारण कई बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल पा रही है। ई-संपर्क सेंटर में परेशान होने के बाद बुजुर्ग बाल भवन के चक्कर लगा रहे हैं।
सेक्टर-18 स्थित ई-संपर्क सेंटर में पेंशन लेने आए राम सिंह ने बताया कि उनके अंगूठे के इंप्रैशन आधार कार्ड बनवाने के दौरान लिए इंप्रैशन से मैच नहीं किए। उन्हें सेक्टर-23 स्थित बाल भवन भेजा गया।
वहां भीड़ इतनी थी कि उन्हें पेंशन नहीं मिली। वह तीन दिन से लगातार यहां आ रहे हैं, लेकिन उन्हें पर्ची नहीं मिल रही। ऐसी ही परेशानी से अनेक बुजुर्ग जूझ रहे हैं। समाज कल्याण विभाग की ओर से हर बार उन्हें आश्वासन मिल रहा है, लेकिन पेंशन के लिए उनका इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा।
सुबह आठ बजे पहुंच जाते हैं बुजुर्ग
पेंशन लेने के लिए बुजुर्ग सुबह आठ बजे ही ई-संपर्क सेंटर पहुंच जाते हैं। लगभग चार बजे तक वह भूखे पेट इस आस में खड़े रहते हैं कि उन्हें पेंशन मिल जाएगी। जब उनकी बारी आती है तो कह दिया जाता है कि उनके अंगूठे के इंप्रैशन नहीं मिले। बुजुर्गों का कहना है कि पहले कभी पेंशन मिलने में दिक्कत नहीं आई, लेकिन जब से इसे आधार के साथ लिंक किया है, तब से परेशानी हो रही है।
यह परेशानी उन्हें 700 रुपये प्रतिमाह पेंशन के लिए उठानी पड़ रही है। ध्यान रहे कि समाज कल्याण विभाग की ओर से तीन माह की पेंशन एक साथ दी जाती है। जिन बुजुर्गों के हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान नहीं मिलते हैं, उन्हें बाल भवन बुलाया जाता है। यहां उनके दस्तावेजों की जांच कर पेंशन दी जाती है।