सिटी में पांच घंटे में लूट की तीन वारदातों से लोग दहशत में हैं। लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला है।
पहली वारदात उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तीर्थ देवी तालाब मंदिर के पास हुई। यहां एक प्रिंटिंग प्रेस मालिक तरुण धीर को स्विफ्ट कार सवार लुटेरों ने रोककर उनका मोबाइल और 10 हजार की नकदी छीन ली। धीर देवी तालाब मंदिर में माथा टेककर लौट रहे थे।
फोटोग्राफी का काम करने वाले ओमप्रकाश भी इसी कार सवार लुटेरों का शिकार बने। वे गुलाब अस्पताल वाटिका से फंक्शन कवर कर लंबा पिंड की तरफ जा रहे थे। लुटेरों ने उन्हें गाजी गुल्ला के पास घेर लिया। इसपर वह मोटरसाइकिल को लॉक कर संकरी आबादी वाले इलाके में घुस गए।
वहां लोगों ने उन्हें ही लुटेरा समझकर पीट डाला। इन लुटेरों ने टैक्सी चालक कुलदीप सिंह को रात को डेढ़ बजे नेहरू गार्डन के पास घेर लिया और उनसे 15 हजार की नकदी, लाइसेंस और एटीएम कार्ड छीन लिया। इन घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस लकीर पीट रही है। केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।