बीबी राजिंदर कौर भट्ठल की भतीजी रोजी भट्ठल को पुराना सामान कहने पर भाजपाई गुस्से में हैं। भाजपाई महिलाओं ने बाजवा के खिलाफ धावा बोल दिया है। भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश प्रधान रेणू थापर ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस की संस्कृति रही है। बाजवा भी उसी राह पर चल रहे हैं।
रेणू थापर ने कहा कि रोजी भट्ठल सम्मान के योग्य हैं। उनपन टिप्पणी करके बाजवा ने अपनी मानसिकता का परिचय दिया है। भाजपा महिला मोेर्चा की वाइस प्रेसिडेंट सुमन सहगल ने कहा कि एक तरफ पूरे देश में महिला सशक्तीकरण के अभियान चलाए जा रहे हैं और दूसरी तरफ बाजवा ऐसी गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
जिला भाजपा महिला मोर्चा की प्रधान रेणू थापर, महासचिव सीमा साहनी ने कहा कि बाजवा का हर स्थान पर घेराव तब तक किया जाएगा जब तक वे महिलाओं के बारे में ऐसी बयानबाजी करना बंद नहीं कर देते।
पीपीसीसी प्रधान प्रताप बाजवा हताश और निराश हैं। उन्हें पार्टी के भीतर से ही परेशान किया जा रहा है। इसलिए वे ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। हकीकत यह है कि रोजी भट्ठल आजादी के लिए लड़ने वाले हीरा सिंह भट्ठल की पोती और पूर्व विधायक की बेटी हैं। बाजवा को तत्काल कांग्रेस के सारे कार्यक्रम छोड़कर रोजी भट्ठल से माफी मांगनी चाहिए। - कमल शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रधान