हाई परफॉर्मेंस सीरीज के तहत सीजीए में लगा विशेष प्रशिक्षण शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। शहर के पेशेवर गोल्फर आदिल बेदी ने वीरवार को सेक्टर-6 स्थित चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन में युवा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सिखाईं। यह प्रशिक्षण सत्र संघ की हाई परफॉर्मेंस सीरीज के तहत आयोजित किया गया, जिसमें 20 से अधिक जूनियर, सब-जूनियर और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान आदिल बेदी ने आधुनिक विश्लेषण तकनीक की मदद से बॉल स्ट्राइकिंग, ड्राइवर कनेक्शन और स्विंग की तकनीक पर विस्तार से जानकारी दी। खिलाड़ियों को शॉट की सटीकता, संतुलन और टाइमिंग सुधारने के व्यावहारिक टिप्स भी दिए गए।
युवा गोल्फरों ने सत्र के दौरान अपनी तकनीकी कमियों को समझा और सुधार के उपाय सीखे। खिलाड़ियों के अभिभावकों ने संघ की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से जूनियर और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए नियमित रूप से आयोजित मासिक प्रशिक्षण सत्रों को सराहनीय बताया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पेशेवर कोचिंग और विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं के माध्यम से शहर की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।