मनीमाजरा। कलाग्राम के पास रेलवे ब्रिज से कुछ दूरी पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 7:40 बजे हुई। फॉर्च्यूनर कार सेक्टर-16 पंचकूला से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन कलाग्राम की ट्रैफिक लाइट पार कर रेलवे अंडरब्रिज से कुछ पहले पहुंचा तभी अचानक एक गाय सड़क के बीच आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए और कार को साइड में मोड़ने की कोशिश की।
इसी दौरान कार का एक टायर डिवाइडर से टकरा गया जिससे टायर फट गया और वाहन लोहे के एंगल से टकराते हुए पलट गया। हादसे के समय कार में 25 वर्षीय चालक आशुतोष, उसके पिता विनोद कुमार और दिनेश कुमार सवार थे। तीनों किसी तरह सुरक्षित कार से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सुबह के समय सड़क पर यातायात कम होने के कारण पलटी कार किसी अन्य वाहन की चपेट में नहीं आई जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को हटवाकर सड़क पर यातायात सामान्य कराया।