कालका के कुराड़ी मोहल्ला में आंगनबाड़ी में इंजेक्शन लगाने के बाद तीन महीने के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। मृतक बच्चे के पिता कमल गोयल ने आंगनबाड़ी स्टाफ पर आरोप लगाया है कि तीन माह के बच्चे मृदुल को आंगनबाड़ी में जो टिका लगाया गया उससे बच्चे की हालत बिगड़ गई।
बच्चे के पिता कमल ने कालका पुलिस को शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने कालका आंगनबाडी में टिका लगने के बाद बच्चे की तबीयत खराब होने और बाद में एक निजी अस्पताल में बच्चे को अटेंड न करने की सूरत में बच्चे की मौत का आरोप लगाया है।
बच्चे के पिता का कहना है कि टीका लगने के दो घंटे तक बच्चा स्वस्थ था। इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और वह सरकारी अस्पताल कालका में ले गए। वहां डाक्टर ने बच्चे का उपचार किया और पंचकूला के सरकारी अस्पताल रैफर कर दिया। वह बच्चे को पंचकूला के एक निजी अस्पताल में ले गए।
वहां लगभग एक घंटा तक किसी ने बच्चे को अटेंड नही किया। बाद में एक डाक्टर आए और चेक कर बच्चे को मृत घोषित कर दिया। कालका थाना प्रभारी उमेद सिंह ने बताया कि तीन माह के बच्चे की मौत हो गई है।
बच्चे के पिता कमल गोयल ने लिखित में आंगनबाडी व निजी अस्पताल पर लापरवाही बरतने की शिकायत दी है। बच्चे का पोस्टमार्टम करवा तीन जगह सैंपल भिजवा दिए हैं। रिजल्ट आने पर ही आगे की कार्यवाही करी जाएगी।