चंडीगढ़। मिनर्वा फुटबॉल अकादमी के तीन युवा फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन अंडर-15 नेशनल टीम के कैंप के लिए हुआ है। जिन खिलाड़ियों का चयन हुआ है, उनमें कार्तिक चौधरी, अक्षय राज और चमन के नाम शमिल हैं। इन तीन खिलाड़ियों को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन ने चुना है।
अंडर-15 नेशनल टीम का कैंप भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में अगले कुछ दिनों में आयोजित किया जाएगा। चयनित हुए तीनों फुटबॉल खिलाड़ियों ने जेसीटी अंडर-21 लीग में मिनर्वा फुटबॉल अकादमी की तरफ से हिस्सा लिया था। अंडर-20 एफसी कप चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली नेशनल टीम के चयन के लिए अंडर-15 नेशनल कैंप को आयोजित किया जा रहा है। अंडर-20 एफसी कप बड़ा टूर्नामेंट है और इसके जरिए ही अंडर-20 विश्व कप 2023 के लिए क्वालीफाई किया जाता है।
मिनर्वा अकादमी में 160 खिलाड़ी ले रहे हैं प्रशिक्षण
मिनर्वा फुटबॉल अकादमी मोहाली के पास दाऊं साहिब में है। देशभर से करीब 160 युवा फुटबॉल खिलाड़ी यहां पर विभिन्न वर्ग की टीमों में शामिल होकर प्रशिक्षण लेते हैं। यहां पर दो बड़े फुटबॉल ग्राउंड हैं। इसके साथ ही 6 छोटे फुटबॉल ग्राउंड भी है। खिलाड़ियों के रहने के लिए यहां पर अलग से हॉस्टल भी हैं।