सड़क हादसे में 2 युवक घायल, हालत गंभीर
पठानकोट में ही शाहपुरकंडी-पठानकोट रोड स्थित गांव घोह के मोड़ पर हुई सड़क दुर्घटना में दो मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग उन्हें पठानकोट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। हादसे में घायल रोहित पठानिया (26) और जोगिंद्र सिंह (32) दोनों गांव कोट के रहने वाले हैं। दोनों युवक मोटरसाइकिल से अपने काम पर जा रहे थे। डॉक्टरों ने घायल रोहित पठानिया की हालत को देखते पठानकोट के निजी अस्पताल रेफर कर दिया है। दुर्घटना कैसे घटित हुई इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। शाहपुरकंडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मानसा: दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत
मानसा जिले के बुढलाडा में खुडाल कलां रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया है। मृतक की पहचान बॉबी उर्फ बबलू (22) के तौर पर हुई है। घायल बब्बू (23) का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना बरेटा प्रमुख ने बताया कि बॉबी उर्फ बबलू निवासी बरेटा गांव खुडाल कलां से बरेटा लिंक सड़क पर आ रहा था।
खुडाल कलां के छप्पड़ के पास सड़क सकरी होने के कारण सामने आ रहे बब्बू निवासी खुडाल कलां की बाइक से टक्कर हो गई। दोनों को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बॉबी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बरेटा पुलिस ने मृतक के पिता अशोक कुमार के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। इससे एक दिन पहले भी ऐसे ही एक हादसे में एक अध्यापक की जान चली गई थी।
पीआरटीसी बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत
हलवारा में लुधियाना-बठिंडा राज्यमार्ग पर स्थित गांव हलवारा में तेज रफ्तार पीआरटीसी की बस ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में अमनदीप सिंह (35) की मौके पर ही मौत हो गई। हलवारा निवासी अमनदीप फीड स्टोर का मालिक था और पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर स्टोर की तरफ जा रहा। इस दौरान लुधियाना से मलोट जा रही लुधियाना डिपो की पीआरटीसी बस के चालक तरसेम सिंह ने पक्खोवाल चौक में अमनदीप की बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। इसके बाद चालक बस को वहीं छोड़कर फरार हो गया। थाना सुधार पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक तरसेम सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। आरोपी तरसेम सिंह फिलहाल फरार है।
स्कूल बस पलटी, दो बच्चों को आई चोट
उधर, होशियारपुर में फगवाड़ा रोड पर स्थित एक निजी स्कूल की बस सुबह गांव से बच्चों को लाने जा रही थी। चंडीगढ़ रिंग रोड से लिंक रोड पर जाते समय अचानक बस खेतों में पलट गई। हादसे में दो बच्चों को चोट आई है। बस में 32 बच्चे थे और बस कुछ और बच्चों को लाने जा रही थी। बस चालक के मुताबिक एक स्कूटर सवार को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ है। राहगीरों की मदद से घायल बच्चों को निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जालंधर: निजी स्कूल बस की ट्रक से टक्कर, दो बच्चे घायल
जालंधर-नकोदर हाईवे पर एक निजी स्कूल के बस चालक ने 30 बच्चों की जिंदगी खतरे में डाल दी। घटना दोपहर बाद की है। जब स्कूल की छुट्टी होने पर चालक बस को गलत साइड से ले जा रहा था। तभी सामने से आ रहे ट्रक के साथ भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बच्चे घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से बस और ट्रक को सड़क से हटवाया। थाना लांबड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि गलती स्कूल बस चालक की है। परिजन अपने बच्चों को घटनास्थल से घर लेकर चले गए। प्रबंधन पूरे मामले पर पर्दा डालने में जुटा है। फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया गया है।