अमृतसर के मजीठा रोड स्थित केडी अस्पताल में अज्ञात हमलावरों ने मंगलवार की रात गैंगस्टर रणदीप सिंह राणा कंधोवालिया और उसके दो साथियों को गोलियां मार दी। कंधोवालिय़ा को एक गोली सिर में और एक गोली उसकी छाती में लगी, जबकि उसके दोनों साथियों के कंधे में एक-एक गोली लगी। राणा कंधोवालिया अपने दो साथियों के साथ अस्पताल में दाखिल अपनी महिला रिश्तेदार का हाल जानने पहुंचा था।
वहीं चार अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला कर कंधोवालिया सहित तीनों को जख्मी कर दिया। गोलियां मारने के बाद आरोपी सफेद रंग की क्रेटा कार में सवार होकर वहां से फरार हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल, डीसीपी मुखविंदर सिंह भुल्लर, एडीसीपी संदीप मलिक और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
गौर हो कि सीमांत हलका अटारी के गांव कंधोवालिया का रणदीप सिंह उर्फ राणा उर्फ कंधोवालिया आजकल जेल से जमानत पर बाहर आया था। रात में वह अपने दोस्त शिरोमणि अकाली दल के स्टूडेंट विंग के प्रधान तेजवीर सिंह और एक अन्य साथी के साथ अपनी किसी रिश्तेदार का हाल जानने के लिए केडी अस्पताल पहुंचा था।
हरियाणा की रहने वाली यह महिला रिश्तेदार पिछले करीब एक सप्ताह से अस्पताल में उपचाराधीन थी। जैसे ही वह अस्पताल में दाखिल हुआ तो कार सवार दो युवक भी उसके पीछे-पीछे आ गए।