पुलिस को दी शिकायत में कानपुर के कुंडनी धर्मपुर निवासी मोहित (19) ने बताया कि वह खोतपुरा रोड जीएस स्पीनिंग मिल में काम करने के लिए 20 नवंबर को आया था। शनिवार को नीतिश उर्फ प्रेम (19) पुत्र रूद्रपाल ने आवाज देकर ऊपर बुलाया था। जब वह ऊपर गया तो उपर उसे नितिश के साथ अनुज (19) निवासी गांव पलरा जिला कानपुर और मुनीष अंसारी (21) बैठे हुए थे।
उनके पास एक लोहे का सरिया पड़ा हुआ था जोकि दीवार से निकलकर पास से गुजर रही बिजली के तारों के पास था। जब वह ऊपर पहुंचा तो उससे मिलने के लिए नीतिश उर्फ प्रेम उठा तो उसका पैर सरिये पर टिका, जिससे सरिया बिजली के तार से छू गया। इसी के साथ नीतिश करंट की चपेट में आ गया। जिसे बचाने के लिए अनुज व मुनीष ने प्रयास किया तो वह भी चिपक गए।
जब पीड़ित भी उनकों बचाने के लिए भागा और उसने हाथ लगाया तो उसी समय एक धमाका हुआ और उसे तीनों से करीब आठ फुट दूर जा गिरा और झुलस गया। उसी ने अपने साथियों को आवाज लगाकर बुलाया और बिजली की सप्लाई को कटवाया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों दोस्तों के शव को सामान्य अस्पताल भिजवाने का प्रयास किया, लेकिन सभी कर्मचारियों ने तीनों के शव को उठाने से मना कर दिया और आर्थिक मदद की मांग की।
वहीं कुछ समय पश्चात पुलिस ने सभी कर्मचारियों को फैक्ट्री से बाहर निकाला और जबदस्ती तीनों के शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया। वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।, रविवार सुबह यानि आज तीनों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मृतक तीनों युवकों के शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा। सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय।