चंडीगढ़। सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय से महज 200 मीटर दूर शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। बुधवार को पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। ये युवक आपराधिक किस्म के हैं, लेकिन इनसे कोई ठोस सुबूत नहीं मिला।
पुलिस ने वारदात के समय इस्तेमाल मोबाइल का डंप डाटा भी उठाया है। वहीं, मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की कार का नंबर ट्रेस किया जा सके। पुलिस इस मामले को सेक्टर-33 में शराब कारोबारी राकेश सिंगला के भाई के घर फायरिंग के साथ-साथ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से भी जोड़कर देख रही है। पुलिस को शक है कि शराब ठेकेदारों से रंगदारी लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया है।
नहीं है किसी से दुश्मनी
पुलिस ने आशंका जताई है कि यह खेल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हो सकता है। सिर्फ डराने-धमकाने के लिए ठेके पर फायरिंग की गई है ताकि रंगदारी वसूली जा सके। पुलिस लगातार ठेका मालिक राम अवतार बत्रा के संपर्क में है। बुधवार को पुलिस ने राम अवतार के बयान दर्ज कर उनसे कोई पुरानी दुश्मनी व फिर रंजिश के बारे में पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी से दुश्मनी होने से इनकार किया है। बदमाश सेक्टर 9/10 की डिवाइडिंग की तरफ फरार हुए थे। बुधवार पुलिस जगह-जगह लाइट प्वाइंट और चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया।
बता दें कि बीते मंगलवार की शाम सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके के बाहर पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने करीब 6 राउंड फायर किए। इसके बाद वह बड़ी आसानी से कार में बैठकर फरार हो गए। फायरिंग में वाइन शॉप में काम करने वाले राजेश के बाजू में दो गोलियां लगी हैं। वहीं, मदन व पवन दुकान में लगा शीशा लगने से जख्मी हो गए। वहीं, शराब ठेके के मालिक राम अवतार बत्रा के दामाद अंकुर नारंग गोलियों के छर्रे लगने से घायल हो गए थे।
फायरिंग मामले पर प्रशासक ने जताई चिंता
आरोपियों को जल्द पकड़ने के दिए निर्देश
चंडीगढ़। पिछले तीन दिनों में दो अलग-अलग जगहों पर शराब कारोबारियों पर फायरिंग के मामले में बुधवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ बैठक की। प्रशासक ने फायरिंग के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। इसके साथ ही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
इसी बीच डीजीपी संजय बेनीवाल ने कहा कि 9 में से हत्या की 8 वारदात के अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा लूटपाट में 67 प्रतिशत की कमी आई है। शहर में स्नैचिंग 50, चोरी 36 और वाहन चोरी में कुल 33 प्रतिशत कमी आई है। डीजीपी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि सुरक्षा और आपराधिक खुफिया जानकारी साझा करने के विभिन्न मुद्दों पर चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा के बीच बैठक की जाएगी।