चोरी के मामले में दो नाबालिगों समेत तीन गिरफ्तार
कब्जे से मोबाइल, दोपहिया वाहन समेत कीमती सामान बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। औद्योगिक थाना पुलिस ने चोरी के मामले में दो नाबालिगों समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कब्जे से चोरी के चार मोबाइल, दो वाहन समेत चोरी के 23 सामान बरामद किए हैं। शुक्रवार को नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि कॉलोनी नंबर निवासी आरोपी विकास उर्फ बउवा को अदालत में पेश करके तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
डीएसपी (ईस्ट) गुरमुख सिंह की अगुवाई में औद्योगिक थाना प्रभारी हरमिंदरजीत सिंह की टीम को सूचना मिली कि रात के समय चोरी करने वाला आरोपी उक्त थाने के क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बताया कि वह दो नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इसके बाद निशानदेही पर उन दोनों को भी काबू किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक्टिवा, बाइक, साइकिल, चार मोबाइल, एक तांबे का जग, ट्रक की दो तिरपाल, एक लैपटॉप, एक एलसीडी, दो प्रेस, दो छोटे स्पीकर, एक बड़ा स्पीकर, तीन कैमरे, डीवीआर, एक गैस सिलिंडर के अलावा कपड़ों से भरा एक बैग बरामद किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज चोरी के दो व सेक्टर-31 थाने में दर्ज चोरी का एक मामला सुलझा लिया है।
बॉक्स
मनीमाजरा पुलिस ने चोरी के दो वाहनों समेत दो दबोचे
उधर, मनीमाजरा थाना प्रभारी नीरज सरना की टीम ने मार्डन हाउसिंग कांप्लेक्स स्थित बीएसएनएल मोड़ के पास चोरी के दो वाहनों समेत दो आरोपियों
को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंचकूला गांव बीर घग्गर निवासी कपिल (19) व सचिन (23) है। आरोपियों से पुलिस ने एक एक्टिवा व एक
मोटरसाइकिल बरामद किया है। जांच में सामने आया कि उक्त थाने के अंतर्गत वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। शुक्रवार आरोपियों को जिला
अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
बॉक्स
वहीं सारंगपुर थाना प्रभारी लखविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने लूट और चोरी के दो अलग अलग मामलों में दो नाबालिग समेत तीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल चोरी का पर्स, समेत अन्य कागजात बरामद हुआ है। सारंगपुर थाना पुलिस ने धनास निवासी 20 वर्षीय आरोपी डिंपी को शुक्रवार जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत
में भेज दिया है।