चंडीगढ़। मलोया में झगड़े में बीच-बचाव कर रहे एक फर्नीचर व्यापारी पर सात युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। व्यापारी का आरोप है कि आरोपियों ने साढ़े तीन लाख की नकदी भी लूट ली। शुरुआती जांच में मामला पैसों के विवाद से जुड़ा है। मलोया पुलिस जांच में जुटी है।
वारदात सोमवार रात करीब 9 बजे की है। मलोया में फर्नीचर की दुकान पर काम करने वाले विजय से दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार में सवार होकर आए दो युवक मारपीट कर रहे थे। पड़ोस की ही फर्नीचर दुकान के मालिक मनीष कुमार बीच बचाव करने पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इसके कुछ ही देर बाद स्विफ्ट सवार दोनों युवक अपने पांच-छह युवकों के साथ पहुंचे और मनीष पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। मनीष के चेहरे पर गंभीर चोट आई। उसे तत्काल जीएमएसएच -16 पहुंचाकर पुलिस को सूचना दी गई।
मनीष ने बताया कि उक्त आरोपियों ने उसकी जेब से साढ़े 3 लाख की नकदी भी लूटी है। दुकानदारों से इकट्ठे करके वह यह रुपये लाए थे। पुलिस जांच में शिकायतकर्ता मनीष का पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। इसकी शिकायत सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में भी दी गई है। ऐसे में पुलिस हर पहलु पर छानबीन कर रही है।