देशभर के हाईवे के 500 मीटर के दायरे में शराब बंद करवाने वाले हरमन सिद्धू को रविवार रात धमकी भरा लेटर मिला। लेटर को किसी ने पत्थर में बांधकर घर में फेंका था। लेटर में लिखा था, ‘शीशे तो बदल जाते हैं... पर इंसान????’। इसकी शिकायत हरमन सिद्धू ने तुरंत संबंधित थाना और एसएसपी ईश सिंघल को दी।
हरमन सिद्धू ने कहा कि एसएसपी ईश सिंघल ने सुरक्षा बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि घर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की कागजी कार्रवाई जारी है। अभी चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से दो कांस्टेबल सिद्धू की सुरक्षा के लिए तैनात हैं।
लेटर में सिर्फ दो ही लाइन
हरमन सिद्धू के घर पर मिले धमकी भरे लेटर में 2 लाइन ही लाइन टाइप की गई हैं। सिद्धू ने कहा कि कई वर्षों की मेहनत को अंजाम तक पहुंचाने के बाद वह ऐसे धमकी भरे पत्रों से कदम पीछे नहीं खींचेंगे।
जिस नंबर से धमकी आई, वही ब्लॉक किया
हरमन सिद्धू को मिली धमकी
- फोटो : अमर उजाला
शराबबंदी के बाद डराने-धमकाने वाली रोजाना 25-30 कॉल हरमन सिद्धू को लगातार कई दिन तक आती रहीं। कभी महाराष्ट्र से कॉल आती तो कभी बंगाल से। हरियाणा-पंजाब और राजस्थान से आने वाली काल्स की तो कोई गिनती नहीं। सिद्धू के मुताबिक जिस भी नंबर से उन्हें धमकी भरी कॉल आती है, वे उसे ब्लॉक कर देते हैं। अब तक वे 250 से ज्यादा नंबरों को ब्लॉक कर चुके हैं।
डोडा पोस्ट के ठेकों को बंद करवाने पर भी मिली थीं धमकियां
इससे पहले भी सिद्धू राजस्थान में डोडा पोस्ट के ठेकों पर ताले लगवा चुके हैं। तब भी उन्हें धमकियां मिलनी शुरू हो गईं थीं। उन्होंने इसकी सूचना चंडीगढ़ पुलिस को दी, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं मिली। उसके बाद हाईकोर्ट को इससे अवगत कराया। उसके बाद उनकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे दो पीएसओ की तैनाती की गई है।
हरमन सिद्घू के घर पर धमकी भरे लेटर मिलने की शिकायत एक दिन पहले मिली थी। पुलिस टीम इस पत्र की गंभीरता से जांच कर रही है।
सतीश कुमार, डीएसपी ईस्ट, चंडीगढ़ पुलिस