मार्बल व्यापारी को गोली मारने के मामले का पुलिस अभी पटाक्षेप भी नहीं कर पाई थी कि सोमवार सुबह भूना के ही एक पेस्टीसाइड व्यापारी के घर में बदमाशों ने एक धमकी भरा पत्र व जिंदा कारतूस फेंककर दस लाख रुपये की रंगदारी की मांग कर दी है। पत्र में फिरौती की राशि न देने पर व्यापारी के बेटे को गोली मार देने की धमकी दी गई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। डीएसपी अजायब सिंह ने पेस्टीसाइड व्यापारी के घर का निरीक्षण किया और पत्र से संबंधित जांच पड़ताल की। अनाज मंडी भूना में शिव बीज भंडार एवं पेस्टीसाइड के मालिक राकेश सिंगला उर्फ राकू के घर फिरौती पत्र फेंके जाने के बारे में सूचना शहर में आग की तरह फैल गई।
व्यापारियों में अशोका मार्बल हाउस एवं सेनेटरी मालिक पर गोली मारने के बाद दहशत का माहौल है। लेकिन अब दूसरे व्यापारी राकेश सिंगला को भी फिरौती न देने पर उसके बेटे को जान से मार देने की धमकी दिए जाने के बाद व्यापारी वर्ग भयभीत हो गया है। व्यापारियों ने आपातकालीन बैठक बुलाई और घटना की घोर निंदा की।
बैठक में व्यापार मंडल के प्रधान एडवोकेट अजय कुमार झाझड़ा, पूर्व प्रधान कैलाश बंसल, इनेलो जिला अध्यक्ष बलविंदर सिंह कैरो, किसान सभा के जिलाध्यक्ष रामस्वरूप ढाणी गोपाल, लायंस क्लब के पूर्व प्रधान अशोक कत्याल, मास्टर पंकज पसरीजा, मास्टर सुखदेव भुक्कल, मास्टर राकेश मदान, सुरेश कुमार कंबोज आरेवाला, अशोक भूटानी, कमल सिंह बराड़, फकीर चंद मित्तल, बंटी कटारिया, रमेश कुमार गर्ग, अजय तायल, बिट्टू दमणिया, सुभाष वर्मा, राकेश गोदारा आदि सैकड़ों व्यापारियों ने कहा कि भूना में दहशतगर्द हांसी की तरह माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। परंतु गुंडागर्दी के खिलाफ भूना निवासी डटकर मुकाबला करेंगे। उन्होंने व्यापारियों के साथ खड़ा होकर बदमाशों को सबक सिखाने का संकल्प भी लिया।