चंडीगढ़। पुनर्वास और टेनामेंट्स योजना के तहत मकानों का मालिकाना हक न देने और कई अलॉटियों के अलॉटमेंट रद्द किए जाने से रोष बढ़ता जा रहा है।रविवार को शहर के कई इलाकों में लोगों ने प्रदर्शन किए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। विभिन्न रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स के साथ-साथ कांग्रेस भी इस विरोध में खुलकर सामने आई।
सेक्टर-38 में स्थानीय लोगों की एक मीटिंग हुई जिसमें प्रशासन की ओर से पुनर्वास और टेनामेंट्स को लेकर बनाई गई नई पॉलिसी का कड़ा विरोध किया गया। लोगों ने कहा कि यह नीति गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हितों के खिलाफ है। विरोध के दौरान लोगों ने प्रशासन का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। इस मौके पर कमलेश, बीएम खन्ना, पवन शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गरीबों के लिए कॉलोनियां बसाई गई थीं लेकिन मौजूदा समय में चंडीगढ़ प्रशासन इन कॉलोनीवासियों को तरह-तरह के नोटिस भेजकर परेशान कर रहा है। इसी मुद्दे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी वार्ड 19, रामदरबार की अध्यक्ष सोनिया गुरचरण सिंह ने साथियों के साथ फेस-2 रामदरबार के पास ट्रांजिट कैंप में बैठक की। इस बैठक में भी लोगों ने प्रशासन की नई नीति के प्रति असंतोष जताया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि जल्द ही प्रशासन अपनी नीति पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाता तो प्रशासक और प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।