प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए अमृतसर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई दो ट्रेनों से 2180 लोगों को भेजा गया। एक गाड़ी पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई, जिसमें 980 मजदूर थे। दूसरी गाड़ी उत्तर प्रदेश के अमेठी के लिए रवाना हुई, जिसमें 1200 यात्री थे। सांसद गुरजीत औजला ने सरबत का भला ट्रस्ट की ओर से भेजे गए मास्क मजदूरों को बांटे।
ब्रिटिश एयरवेज से 309 यात्री हीथ्रो गए
श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल हवाई अड्डे से 309 ब्रिटिश नागरिक ब्रिटिश एयरवेज की एक विशेष उड़ान से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए। इस उड़ान में ब्रिटिश नागरिकों की संख्या 96, भारतीय पासपोर्ट धारक 207, इटालियन तीन, आस्ट्रेलिया का एक व पुर्तगाल पासपोर्ट धारक दो नागरिक भी थे।
फतेहगढ़ साहिब: 1140 प्रवासी मजदूर लेकर ट्रेन एमपी रवाना
सरहिंद रेलवे स्टेशन से चौथी श्रमिक एक्सप्रेस रेलगाड़ी 1140 प्रवासियों को लेकर शुक्रवार को ग्वालियर, बीना और कटनी (मध्य प्रदेश) को शाम चार बजे रवाना हुई। प्रवासियों को इस विशेष रेलगाड़ी से भेजने पर पंजाब सरकार करीब 06 लाख रुपये खर्च रही है।
डिप्टी कमिश्नर अमृत कौर गिल ने बताया कि इससे पहले आज जिला एसएएस नगर, एसबीएस नगर और रूपनगर से मध्य प्रदेश जाने वाले व्यक्तियों को विशेष बसें से सरहिंद रेलवे स्टेशन लाया गया। वहां से यात्री मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुए। डीसी ने बताया कि तय प्रक्रिया के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन के बाद मेडिकल स्क्रीनिंग होने पर इस विशेष रेल गाड़ी को चलाया गया।
यात्रियों को खाना मुहैया करवाने के साथ साथ उनकी सभी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया। यात्रियों ने कहा कि पंजाब सरकार के इस प्रयास के लिए वह सरकार के धन्यवादी हैं। इस मौके पर एसपी (डी) हरपाल सिंह, सहायक कमिश्नर (जनरल) जसप्रीत सिंह, एसडीएम डा. संजीव कुमार, एसडीएम अमलोह आनंद सागर शर्मा, डीएसपी रमिन्दर सिंह काहलो, डीएसपी जसविंदर सिंह टिवाना, तहसलीदार गुरजिंदर सिंह उपस्थित थे।
फिरोजपुर से स्पेशल ट्रेन से अमेठी रवाना हुए 1188 मजदूर
डिप्टी कमिश्नर कुलवंत सिंह ने बताया कि फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन से शुक्रवार दोपहर दो बजे स्पेशल श्रमिक ट्रेन चलाई गई, जो अमेठी के लिए रवाना हुई। इसमें 1188 मजदूर सवार थे। डीसी ने बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से उक्त मजदूरों का किराया रेलवे को छह लाख बारह हजार रुपये अदा किया गया। पंजाब के नौ जिले बठिंडा, फिरोजपुर, तरनतारन, फरीदकोट, फाजिल्का, मोगा, बरनाला, मानसा व मुक्तसर के मजदूर इस ट्रेन में गए हैं। दूसरी ट्रेन शाम को सात बजे फिरोजपुर से गोरखपुर के लिए रवाना होगी, उसमें लगभग बारह सौ मजदूर सवार होंगे।