सवाल : टीकाकरण के लिए नाम कैसे पंजीकृत करवाएं
जवाब : सरकार कोविन 2.0 पोर्टल लांच करने जा रही है। टीकाकरण के लिए इस पोर्टल पर अपना नाम पंजीकृत करवाना होगा। पंजीकरण के समय वही मोबाइल नंबर डालें, जो आपके पास रहता हो। सरकार ने अभी पोर्टल को लांच नहीं किया है। पोर्टल और एप आज या कल में लांच हो जाएगा।
सवाल : जो लोग ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करवा सकेंगे, उनके लिए क्या व्यवस्था होगी
जवाब : यूटी प्रशासन ने इसके लिए कदम उठाने जा रहा है। कुछ ऐसे सेंटर बनाए जाएंगे, जहां टीकाकरण के लिए योग्य व्यक्ति अपना नाम पंजीकरण करवा सकेंगे। इसकी घोषणा भी सोमवार को हो सकेगी। टीके का दिन और समय का चुनाव लोग खुद कर सकेंगे। दिन की उपलब्धता न होने पर उन्हें अगले दिन का समय मिलेगा।
सवाल : टीकाकरण के लाभार्थी का सत्यापन कैसे होगा
जवाब : सरकार ने 12 तरह के पहचानपत्रों की सूची जारी की है। इसमें मुख्य रूप से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, मतदाता पहचानपत्र, पैन कार्ड, बैंक या पोस्ट ऑफिस की पासबुक, पासपोर्ट, पेंशन प्रमाणपत्र, सरकारी कर्मचारी के कार्यालय से जारी पहचानपत्र इत्यादि।
सवाल : टीके की कीमत क्या होगी
जवाब : सरकारी अस्पताल में टीकाकरण मुफ्त में होगा, जबकि निजी अस्पताल में इसके लिए आपको 250 रुपये चुकाने होंगे। इसमें टीके की कीमत 150 रुपये जबकि 100 रुपये सेवा शुल्क का रहेगा।
सवाल : चंडीगढ़ में कहां-कहां टीका लगवा सकेंगे
जवाब : सरकारी अस्पतालों में पीजीआई, जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16, मनीमाजरा सिविल अस्पताल, सिविल अस्पताल सेक्टर-45, सेक्टर-23 व 49 के हेल्थ वेलनेस सेंटर, सेक्टर-26 के पुलिस अस्पताल समेत कुल 17 जगह टीका लगेगा। प्रत्येक केंद्र पर एक दिन में 200 लोग टीका लगवा सकेंगे। चंडीगढ़ के 15 निजी अस्पतालों से भी बातचीत चल रही है, जिसकी सूची रविवार को जारी होगी।
सवाल : टीकाकरण से पहले क्या तैयारी करनी पड़ेगी
जवाब : इसके लिए कुछ खास नहीं करना पड़ेगा। जो रुटीन अभी अपना रहे हैं, उसी को अपनाते हुए टीका लगवा सकते हैं। टीका लगवाने से से पहले डॉक्टर आपसे जो सवाल पूछेगा, उसकी सही जानकारी उपलब्ध करानी होगी। वैक्सीन लगाने के बाद 30 मिनट तक अस्पताल में जरूर रुकें।
भारत सरकार का टीका बहुत ही सुरक्षित है। अब तक डेढ़ करोड़ लोगों को यह टीका लग चुका है। टीका लगने के बाद बुखार या सिरदर्द की शिकायत एक हजार में सिर्फ दो लोगों को है। यह बहुत ही सामान्य लक्षण होते हैं। - रविंद्र खैवाल, एडिश्नल प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिटी मेडिसिन पीजीआई।
आम जनता के टीकाकरण के लिए पंजीकरण एक मार्च से शुरू हो जाएगा। लोगों को मेरी सलाह है कि जो दूसरी बीमारियों से पीड़ित हैं, वह अपना मेडिकल सर्टिफिकेट जरूर तैयार करवाएं, ताकि अगले दिन आसानी से पंजीकरण करवाकर टीका लगवा सकें। जो लोग ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करवा सकेंगे, उनके लिए व्यवस्था की जा रही है। इसकी भी घोषण आज या कल कर में दी जाएगी। - डॉ. अमनदीप कंग, निदेशक, स्वास्थ्य विभाग।