जिम में व्यायाम करने वाले युवा अक्सर फूड सप्लीमेंट लेते हैं ताकि शरीर गठीला बन सके, मगर युवाओं की जरा सी लापरवाही कई बार उन पर भारी पड़ जाती है। इसके पीछे कारण यह है कि कई युवा सोचते हैं कि केवल फूड सप्लीमेंट खाने से ही वे हष्ट-पुष्ट हो जाएंगे, जबकि फूड सप्लीमेंट लेने के बाद दोगुनी मेहनत की जरूरत होती है। जिम में व्यायाम करने वाले जो युवा फूड सप्लीमेंट का सेवन करते हैं उन्हें चाहिए कि वे खूब डटकर व्यायाम करें। यह कहना है कि सूर्या फिटनेस व सूर्या जिम नेटवर्क के ऑनर संदीप सूर्या का।
पिछले लंबे समय से खेलों को प्रमोट कर रहे संदीप सूर्या ने कहा कि जो युवा फूड सप्लीमेंट लेते हैं, मगर कसरत की ओर ध्यान नहीं देते, उनके लिए यह घातक सिद्ध हो सकते हैं। ऐसा करना अनुमान के विपरीत रिजल्ट आने वाली बात हो जाती है और साइड इफेक्ट हो सकते हैं। इसलिए फूड सप्लीमेंट लेने वाले युवा इस बात का ध्यान रखें कि एक तो वे अच्छी कंपनी के सप्लीमेंट लें और दूसरा खूब व्यायाम करें। सिर्फ फूड सप्लीमेंट लेकर न बैठ जाएं, शारीरिक सामर्थ्य से ज्यादा फूड सप्लीमेंट खाना भी शरीर के लिए नुकसानदेह होता है।
फूड सप्लीमेंट लेने से पहले बॉडी टेस्ट करवाना जरूरी: हरपाल सिंह लाडी
उधर, सूर्या जिम के ट्रेनर व दस वर्षों से बॉडी बिल्डिंग कर रहे बॉडी बिल्डर हरपाल सिंह लाडी का कहना है कि नया-नया जिम ज्वाइन करने वाले युवा अक्सर बिना किसी सलाह के जोश व चाव में फूड सप्लीमेंट शुरू कर देते हैं। मगर फूड सप्लीमेंट लेने से पहले बॉडी टेस्ट करवाना बेहद जरूरी है क्योंकि यह देखना भी बहुत जरूरी होता है कि शरीर को फूड सप्लीमेंट की जरूरत है भी या नहीं। अगर ओटीपीटी अप हो तो कोई सप्लीमेंट नहीं लिया जा सकता। अगर ऐसे में फूड सप्लीमेंट ले लिया जाए तो शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। युवाओं को घटिया क्वालिटी के फूड सप्लीमेंट के इस्तेमाल से बचना चाहिए।