चंडीगढ़। शहर में कर्फ्यू खत्म होने और लॉकडाउन 3.0 के तीसरे दिन पंचकूला बार्डर पर काफी जाम लगा रहा। बार्डर पर हो रही थर्मल स्क्रीनिंग की वजह से काफी गाड़ियां कतार में लगी रहीं। इनमें कारों की संख्या ज्यादा रही। इसके अलावा शहर की मुख्य सड़कों पर भी काफी चहल-पहल रही। मार्केट में लगने वाली भीड़ में कमी आई है।
प्रशासन की तरफ से दी गई छूट का शहरवासी भरपूर फायदा उठा रहे हैं। शहर के पेट्रोल पंप पर फिर से भीड़ देखी जा रही है। मुख्य चौराहों पर गाड़ियों की कतार भी देखी जा सकती है। शराब के ठेकों के आगे लगने वाली भीड़ में कमी आई है, लेकिन बुक डिपो के बाहर लगने वाली कतार में अभी भी खास कमी नहीं आई है।
गांव-कालोनियों की अंदरूनी मार्केट की लगभग सभी दुकानें खुली रहीं। हल्लोमाजरा में सभी दुकानें खुली हुई हैं। वहां के दुकानदार प्रशासन के ऑड-ईवन फॉर्मूले को भूल गए हैं। सेक्टरों की मार्केट में भी लोग खरीदारी करते दिखाई दिए। बुधवार को भी सड़कों पर कई ऐसे लोग दिखे जो एक मोटरसाइकिल पर तीन-तीन सवार होकर आराम से आ-जा रहे हैं, जबकि प्रशासन के निर्देशों के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर दूसरा कोई नहीं बैठ सकता।